Saturday, 12 August 2023

हरमनप्रीत के हॉकी चैंपियन

 


   

   स्पीडी टाइगर्स ने पहले हॉफ में 1 गोल से पिछड़ने के बाद 3-1 की स्पीड दिखाई और फाइनल के रोमांच को बढ़ा दिया। असारी, सारी, रहीम, अराई, जलील, जली और हसन जैसे अनुभवी खिलाड़ियों और नवोदित फॉरवर्ड शेलो के बलबूते एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी के अपने पहले सिल्वर मेडल को पहले ही तय कर ही चुके मलेशिया ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के पहले गोल्ड की हुंकार भर ली थी, लेकिन 'मेन इन ब्ल्यू' ऐसे मुश्किल रास्तों पर न सिर्फ़ चलना जानते हैं, बल्कि छलांग लगाकर पार करना जानते हैं। 


  दूसरे हॉफ में दुनिया की नौ नंबरी टीम ने चार नंबरी टीम को अपनी असल स्पीड और हासिल हुनर दिखाने को मज़बूर किया। देखते-देखते हरमनप्रीत का पैनल्टी स्ट्रोक, कार्थी-शमशेर-गुरजंत का ट्राई-ट्रायंफ गोल्डन फील्ड गोल और फॉरवर्ड आकाशदीप के ज़बरदस्त स्ट्रोक ने छह मिनट्स रहते भारत को लीड और जीत दे दी।


   एशियन हॉकी के अघोषित विजेताओं ने अपने चैंपियन होने की घोषणा कर दी और पिछले बरस छिना ताज़ फिर अपने सिर कर लिया। 27 सालों बाद हॉकी में लौटे मेजर राधाकृष्णन स्टेडियम ने भारतीय जीत के साथ अपने नए सफ़र की शुरुआत की। उम्मीद है, कार्थी-श्रीजेश और चेन्नई की सफलता के साथ भारतीय हॉकी, अब पूरे भारत के सफ़र पर निकलेगी और उत्तर-मध्य से दक्कनी पठार के निचले छोर तक जाकर हॉकी हीरे तैयार करेगी।


 कार्थी ने मैच का यूथ प्लेयर अवार्ड समेत टूर्नामेंट का फैन चाइस अवार्ड भी अपने नाम किया। टूर्नामेंट से एक नाम क़ाबिल-ए-गौर यहाँ उस टीम से भी है, जो टूर्नामेंट में पाँचवें स्थान पर रही। पाकिस्तान, वही टीम जो एशिया का जूनियर हॉकी कप जीतकर आई थी, सीनियर के बीच आकर किसी मेडल पायदान पर न ठहर सकी, लेकिन इस टीम से एक नाम 'अब्दुल हनान शाहिद' को याद रखिए, भविष्य में पीछे नहीं आना पड़ेगा। 


   18 बरस का फॉरवर्ड हनान बहुत आगे तक जाने वाला है। यह न सिर्फ़ पाकिस्तानी और एशियन हॉकी में, बल्कि वैश्विक हॉकी में भी एक बड़े किरदार पर हक़ दर्ज़ करेगा। जूनियर एशिया हॉकी कप में राइजिंग प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट रहा हनान, इस हॉकी चैंपियनशिप का प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट चुना गया। द. कोरिया के साथ पाकिस्तान के ड्रा हुए मैच के इकलौते हनानी गोल को याद रखा जाएगा। हनान एशियन हॉकी का इमर्जिंग प्लेयर, 2023 भी चुना जा चुका है।


~अंकुर

No comments:

Post a Comment