वर्ल्ड टी-20 क्रिकेट रैंकिंग की 22 नंबरी टीम 'क्रिकेट क्रैंस' ने टी-20 वर्ल्ड कप के नौवें संस्करण की 20 टीमों में जगह बनाकर इतिहास रच दिया। आज हुए अपने आख़िरी मैच में युगांडा ने रवांडा को नौ विकेट्स से करारी हार देकर, ज़िम्बाब्वे को बाहर करते हुए वर्ल्ड कप में जगह बना ली।
युगांडा की इस ऐतिहासिक नैया की खेवनहार रही दिनेश नकरानी, अप्लेश जमरानी और रौनक पटेल की भारतीय मूल की हरफ़नमौला त्रिमूर्ति। भारत के पश्चिमी छोर से युगांडा को कूच करने वाली इस अनुभवी क्रिकेट तिकड़ी ने युगांडा को अपने ही वतन भारत के ख़िलाफ़ खेलने के काबिल बना दिया।
युगांडा के इस बरस के टी-20 क्रिकेट प्रदर्शन पर ग़ौर करें, तो उसके अगले विश्व कपीय बरस की कुंडली साफ़ दिख जाती है। युगांडा ने इस बरस 28 टी-20 में 25 जीते हैं और युगांडा के इस अजेयी प्रदर्शन के लिए भारतीय मूल की तिकड़ी हक़दार रही है। इस तिकड़ी के बिना युगांडाई क्रिकेट अधूरा है। युगांडा के टी-20 क्रिकेट के इतिहास में टॉप 5 सर्वाधिक रन स्कोरर और विकेट टेकर्स की फ़ेहरिस्त में इसी तिकड़ी से 2-2 खिलाड़ी नाम चिपकाते हैं।
हरफ़नमौला दिनेश नकरानी तो सर्वश्रेष्ठ टी-20 गेंदबाज़ी स्पेल के साथ हमवतन दीपक चाहर की बगल में बैठे हैं। ग़ौरतलब है कि टी-20 में 6/7 का 4 ओवर का करिश्माई स्पेल फेंकने वाले दुनिया में सिर्फ़ दो ही गेंदबाज़ हैं; एक, दीपक व दूसरा, दिनेश और ये दोनों ही भारत में जन्मे खिलाड़ी हैं। इस रिकॉर्ड में युगांडा ने भारत से हाथ मिलाया है।
उम्मीद कि, युगांडा टी-20 वर्ल्ड कप की नीदरलैंड या अफ़ग़ानिस्तान साबित होगी!
~अंकुर
.jpeg)