Friday, 15 December 2023

एशिया कप विजय का भारत का अजेय रथ रुका


 

आख़िर भारत की बादशाहत हुई ख़त्म, अंडर-19 एशिया कप को मिलेगा नया चैंपियन। 8 बार के एशिया कप चैंपियन भारत ने एक बार के एशिया कप रनर-अप बांग्लादेश के आगे घुटने टेक दिए। पहले बांग्लादेशी पेसर मिर्धा के आगे भारतीय बल्लेबाज़ बेबस दिखें, तो बाद में अरिफुल इस्लाम के आगे भारतीय गेंदबाज़ों की एक न चली।


   इस एशिया कप ने नए विजेता-उपविजेता चुनें। दूसरे सेमीफाइनल में इस एशिया कप के ग्रुप स्टेज को टॉप करने वाला पाकिस्तान भी एशिया कप इतिहास की पाँच बार की फिसड्डी टीम और मेज़बान यूएई से 11 रनों से मैच हार गया।


पाँच एशिया कप में रनर-अप रहा श्रीलंका इस एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह न बना सका और पाँच एशिया कप में स्टेंडिंग में तलहटी में रहने वाला यूएई अर्श पर पहुँच गया। यूएई ने बता दिया कि एशिया में क्रिकेट केवल भारतीय उपमहाद्वीप तक नहीं सिमटा, बल्कि यह अफ़ग़ानिस्तान से आगे सुदूर खाड़ी-रेगिस्तान में भी खेला जाता है।


  ~अंकुर

यूएई, एशिया में क्रिकेट को मिली नई जगह

   

   


    साल 2020 के अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के एक अभ्यास मैच में जोहानिसबर्ग में न्यूजीलैंड को एक विकेट से हराकर यूएई ने अपने भविष्य का इशारा कर दिया था। यूएई ने आज अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में सबसे मज़बूत टीम पाकिस्तान को हराकर अपना भविष्य घोषित कर दिया। इस खाड़ी टीम ने साबित कर दिया कि अब एशिया में कोई भी दावेदारी उनके बिना पूरी नहीं होगी। इस एशिया कप क्वालीफायर के अंडर-19 प्रीमियर कप में जब यूएई 16 टीमों के बीच रनर-अप बना, तो उसने बता दिया था कि इस बार यह कप मेज़बानों के इशारे पर चलेगा। 

  यूएई के 15 दलीय खिलाड़ियों में से मैच खेलने वाले 11 खिलाड़ी भारतीय मूल के हैं। कप्तान अयाज़ अफ़ज़ल ख़ान मुंबई का जन्मा है, तो विकेटकीपर अयांश शर्मा और ध्रुव पाराशर, हार्दिक पाई व तनिश सूरी जैसे टीम की जान हरफ़नमौला खिलाड़ियों की जड़ें भी भारत में फैली हैं। 

  अपनी रगों में बहते क्रिकेट को लेकर ये खिलाड़ी खाड़ी में पहुँचे थे। क्रिकेट के अवसर और ज़रूरी संसाधनों के साथ विभिन्न घरेलू लीगों के सहारे इस परदेसी यूएई टीम ने अमीरातों और अमीरों के यूएई को क्रिकेट में चमका दिया। ये नौजवान ही यूएई का क्रिकेट माज़ी और मुस्तकबिल हैं।


  ~अंकुर