Tuesday, 29 August 2023

5s हॉकी का पर्याय रहील

 

 




     आख़िर नौ साल पुराना ख़्वाब परवान चढ़ता जा रहा है। रहील ने साबित कर दिया कि बात 5s की होगी, तो मेरी पहले होगी। 'लुसाने 5s 5 नेशंस हाकी टूर्नामेंट' में रहील ने 5 मैचों  में 10 गोल दाग़े थे। पौलेंड के ख़िलाफ़ फाइनल में भारत जब 0-3 से पिछड़ रहा था, तब मैच को 6-2 के तिलिस्मी रिजल्ट पर ख़त्म करने में रहील की गोल हैट्रिक का बड़ा हाथ था।  

  रहील की शार्प-शूटिंग उसे हॉकी के टी-20 फॉर्मेट के लिए बिल्कुल मुफ़ीद बनाती है। गेंद पर झपटने और फिर उसे नेट पर पटकने की कला रहील को हॉकी 5s में भारत का हरमनप्रीत बनाती है। फुल-फ्लैग्ड हॉकी के पैनल्टी कॉर्नर में जो महारथ हरमनप्रीत के पास है, वही महारथ पैनल्टी-लेस 5s हॉकी में रहील रखता है।

  हॉकी के ख़ानदान से आने वाले रहील को राष्ट्रीय हॉकी में आने में 9 बरस लगें। साल 2014 में भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में भारतीय राष्ट्रीय हॉकी का मैच देखने पहुँचे रहील ने ख़्वाब सजाया था कि वो भी राष्ट्रीय हॉकी में खेलेगा, लेकिन दो बार राष्ट्रीय कैंप में शामिल होने के बावजूद भी उसे नीली जर्सी पहनने का मौक़ा न मिला। 

  हाल ही में जब 5s हॉकी ने अपने पाँव पसारे और इसके पहले अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट ने ज़मीन कब्ज़ाई, तो गुरिंदर सिंह और सुमित की कप्तानी-उपकप्तानी में रहील को भारत के पाँच फर्राटा खिलाड़ियों में शामिल किया गया। स्विट्जरलैंड की धरती पर रहील ने ऐसी धाक जमाई, कि साल 2022-23 की एफ. आई. एच. प्रो लीग में न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ फुल-फ्लैग्ड राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनकर मैदान में उतर गया। इसके बाद भी फिर सबकुछ सामान्य नहीं रहा।

   अब पहले '5s हॉकी वर्ल्ड कप' के लिए मैदान बन चुका था, भारत को पछाड़कर अरब खाड़ी मुल्क ओमान ने मेज़बानी की नीलामी जीत ली थी, भारत को 3 टीमों के एशिया क्वालीफायर के लिए खेलना था, तो राष्ट्रीय हॉकी चयनकर्ताओं की नज़रें 5s हॉकी स्पेशलिस्ट रहील की ओर दौड़ीं और बतौर भारतीय उप-कप्तान रहील वर्ल्ड कप से पहले ओमान सल्तनत के दक्षिणी शहर सलालाह पहुँच गया। बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले मैच में रहील ने गोल हैट्रिक के साथ अपनी और भारत की शुरुआत वहीं से की, जहाँ लुसाने में छोड़ी थी। 

  भारत इस 5s हॉकी एशिया क्वालीफायर टूर्नामेंट में जापान, पाकिस्तान, चीन और मलेशिया जैसी असरदार टीमों के साथ खेल रहा है। ग़ौरतलब है कि भारतीय महिला टीम कल ही फाइनल में थाइलैंड को हराकर, एशिया से अपनी दावेदारी को तय कर चुकी है।


   ~अंकुर

No comments:

Post a Comment